राफेल के मुद्दे पर राहुल गांधी कहना है कि, “द हिंदू अखबार ने राफेल को लेकर जो दस्तावेज छापे हैं, उनसे साफ है कि नरेंद्र मोदी जी भारत की ‘नेगोसिएशन टीम’ को ‘बाईपास’ कर राफेल की कीमत का मोलभाव सीधे दसॉल्ट कंपनी से कर रहे थे। अकेले इन्हीं कागजातों के आधार पर नरेंद्र मोदी जेल जा सकते हैं।“
उन्होंने कहा कि, “हिंदुस्तान की ‘नेगोसिएशन टीम’ कह रही है कि हमारा वर्षों का काम प्रधानमंत्री ने बाईपास कर दिया। बाईपास करने का कोई न कोई कारण तो होगा? एक ही कारण हो सकता है-भ्रष्टाचार। मोदी जी ने उन कागजों के बारे में आज तक कुछ नहीं बोला है।“
कांग्रेस अध्यक्ष ने दोहराया कि राफेल मुद्दे पर देश का कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में देश की रक्षा खरीद प्रणाली की अवहेलना हुई है। उन्होंने कहा कि, “रक्षा मंत्री का कहना है कि मुझे (इस संबंध में) कुछ मालूम नहीं। रक्षा मंत्रालय के अधिकारी कहते हैं कि प्रधानमंत्री खुद नेगोसिएशन कर रहे हैं। यह एक अपराध है।“ उन्होंने सवाल पूछा कि, “526 करोड़ का राफेल जहाज 1,600 करोड़ से अधिक में खरीदा जाएगा और वह हिंदुस्तान में भी नहीं बनेगा। क्या यह व्यवहार राष्ट्रवादी हो सकता है?”
देश के युवा को कांग्रेस से उम्मीद
इस लोकसभा चुनाव के नतीजों के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष का मानना है ‘पॉजिटिव’ नतीजे आएंगे। उन्होंने कहा कि, “नंबर की बजाय आप जनता का मूड देखिए। बदलाव का माहौल साफ नजर आता है। तीन कारण हैं। पहला -बेरोजगारी चरम सीमा पर है, युवा बेचैन हैं, लेकिन मोदी जी रोजगार की बात नहीं कर रहे।
कांग्रेस के लिए युवा और रोजगार प्राथमिकता हैं। दूसरा -खेती और किसान संकट में हैं पर मोदी जी बेखबर हैं। किसानों को लेकर हमारा रिकॉर्ड आपको मालूम है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, कर्नाटक में हमने 72 घंटे में किसान की कर्जमाफी करके दिखाई। तीसरा मुद्दा है -चारों तरफ फैला भ्रष्टाचार, खासतौर पर राफेल के भ्रष्टाचार का, जिसमें मोदी जी की भूमिका साफ है।“