नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए नया लोगो ‘साथी’ जारी किया है। सपा के चुनाव निशान साइकिल से सा और बसपा के चुनाव चिन्ह हाथी से थी लेकर ये ‘साथी’ बनाया है। सपा के साइकिल के पहिए और बसपा के निशान हाथी सूंड को जोड़कर नया लोगो बनाया गया है। इसमें सा को लाल तो थी को नीला रखा गया है।
अखिलेश यादव ने ट्विटर पर शेयर कर इसकी तारीफ की है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करके इसे तैयार करने वाली टीम की क्रिएटिविटी का जिक्र किया है और बधाई दी है।
इस नए लोगो में दोनों पार्टियों के चुनाव निशान के साथ दोनों दलों के नेताओं की तस्वीरें भी हैं। एक तरफ जहां, सपा की साइकिल के साथ अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव और राम मनोहर लोहिया के फोटो लगे हैं। बसपा के चुनाव निशान हाथी के साथ मायावती, कांशीराम और डॉ अंबेडकर की तस्वीर है।
अखिलेश यादव और मायावती ने जनवरी में गठबंधन का ऐलान किया था। उत्तर प्रदेश के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में भी दोनों दल मिलकर लोकसभा लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के 80 लोकसभा सीटों में से 38 सीटों पर बसपा और 37 सीटों पर सपा चुनाव लड़ रहे हैं। तीन सीटें गठबंधन की तीसरी भागीदार राष्ट्रीय लोकदल को दी गई हैं। अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस के लिए छोड़ी गई हैं।
बता दें कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में गठबंधन के लिए 7 सीटें छोड़ेगी, जिसमें अजीत सिंह, मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, डिम्पल यादव, मायावती और दो सीटें का एलान किया है। गठबंधन ने भी रायबरेली और अमेठी से अपने प्रत्याशियों को उतारने का फैसला किया है। कांग्रेस ने पुराने दिग्गज नेताओं को भी मैदान में उतारा है।