नई दिल्ली: 2019 लोकसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे वैसे उत्तर प्रदेश और बिहार की सियासत गरमा रही है। इसी बीच बिहार के पटना साहिब से बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पिछले पांच महीने में दूसरी बार समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की है।
सिन्हा के इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारे में उनको लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि लगभग आधे घंटे तक चली बैठक के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि इसके बारे में किसी को अनुमान लगाने की जरूरत नहीं है।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों से शत्रुघ्न सिन्हा और बीजेपी के बीच अनबन की स्थिति देखने को मिली है। पार्टी के मंच से दूरी बनाया है और विपक्षी मंचों पर जाकर अपनी पार्टी और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए नजर आए हैं।
अखिलेश से मुलाकात से पहले शत्रुघ्न सिन्हा अक्टूबर के महीने में लखनऊ में आयोजित सपा के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। ये बात अलग है कि शत्रुघ्न सिन्हा अभी भी बीजेपी में ही है। शत्रुघ्न सिन्हा ने अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा था कि वे एक बहुत ही सभ्य और अच्छे व्यवहार वाले व्यक्ति हैं।
इसके अलावा उन्होंने सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को लेकर भी कहा था कि हम उनका बहुत सम्मान करते हैं। सिन्हा ने भारतीय वायुसेना की ओर से पाकिस्तान में किए गए एयर स्ट्राइक पर भी अपने विचार व्यक्त किए। सिन्हा ने कहा कि यह उत्सव का समय नहीं है।
पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर देख रहा था। सिन्हा ने कहा कि जब तक वायु सेना की सर्जिकल स्ट्राइक अपने तार्किक निष्कर्ष पर नहीं पहुंचती तब तक सतर्क रहने की जरूरत है। यह खुशी का क्षण है, लेकिन अभी तक उत्सव का नहीं। इस तरह का सबक सिखाया जाना चाहिए ताकि पुलवामा जैसे आतंकी हमले फिर कभी न दोहराए जाए।
बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा BJP के बागी सांसद है और फिलहाल वो BJP का विरोध करते नजर आते हैं साथ ही साथ वह सारे विपक्षी पार्टियों के साथ मंच साझा करते दिखाई देते हैं।