2024 के लोकसभा लोकसभा चुनाव में अभी समय है लेकिन सभी दल अपने-अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दिया है। जहां भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी के लिए उत्तर प्रदेश के अंदर पसमंदा मुसलमानों को साधने की कोशिश कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ केंद्र की मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में दलित वोट बैंक पर अपना निशाना साध रही है।
कांग्रेस ने अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे को बनाया है, जो दलित समाज से आते हैं। इसी तरह सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले प्रदेश उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने अपना प्रदेश अध्यक्ष दलित समाज से आने वाले व बसपा से सांसद रहे बृजलाल खाबरी को बनाया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अपने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि आज देश में संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को खत्म करने की साजिश लगातार रची जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी संविधान को बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं, पूरी कांग्रेस पार्टी देश भर में संविधान को बचाने के लिए आवाज उठा रही है। सिर्फ वोट बैंक मानने वाले लोग आज दलितों, पिछड़ों के हक में आवाज उठाने के बजाए चुप्पी साधे हैं।
आज उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में संविधान बचाओ संकल्प सभा’’ के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आजाद पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ जो भी आवाज उठाता है उसे फर्जी मुकदमें में जेल भेज दिया जाता है या अन्य तरीके से प्रताड़ित किया जाता है लेकिन क्या कारण है कि चन्द्रशेखर जो भाजपा के खिलाफ इतना कुछ बोलते हैं उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं होता है यह रिश्ता क्या कहलाता है?
आगे उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी संविधान और समाज की रक्षा करने में पूरी तरह असफल है। बसपा मुखिया अब तो दलितों पर होने वाले अत्याचारों पर भी मौन रहती हैं। उन्होंने कहा कि दलित समाज का नुकसान हो रहा है। बाबा साहब द्वारा लिखित संविधान, लोकतंत्र एवं समाज की रक्षा केवल राहुल गांधी एवं कांग्रेस पार्टी ही करती दिख रही है। ऐसे में दलित समाज को पूरी ताकत के साथ कांग्रेस से जुड़ने की जरूरत है।