मध्य प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव है। सभी राजनीतिक दलों ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को ग्वालियर में मेला ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित किया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, जब मैं यहां आ रहा था तो किसी ने पूछा उसी मध्य प्रदेश जा रहे हो जहां व्यापम घोटाला हुआ था। मध्य प्रदेश के लोग ईमानदार और देशभक्त हैं, लेकिन देशभर में चर्चा होती है तो लोग कहते हैं कि वही मध्य प्रदेश है जहां व्यापम घोटाला हुआ था। उन्होंने आगे कहा कि जब दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी, तो उस समय भी लोग CWG और 2G घोटाले वाली दिल्ली कहते थे। आज दिल्ली की पहचान अच्छे स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और 24 घंटे बिजली आने वाले प्रदेश के तौर पर होती है।
सीएम केजरीवाल ने कहा, गुजरात के उनके एक और दोस्त ने 20 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। उनका पूरा कर्ज माफ़ कर दिया गया। इसके लिए आपसे टैक्स वसूला जा रहा है। ग्वालियर मेला ग्राउंड में अरविंद केजरीवाल ने अपनी रैली में पीएम मोदी पर सीधा और बड़ा हमला किया।
गौरतलब है कि ग्वालियर-चंबल को मध्यप्रदेश की सत्ता की चाबी भी कहा जाता है। यही वजह है कि कांग्रेस-बीजेपी के साथ अब आम आदमी पार्टी भी चुनाव में जोर लगा रही है। 2018 में यहां कांग्रेस का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। यहां से कांग्रेस ने 34 में से 26 सीटों पर जीत दर्ज की की, लेकिन सिंधिया के बीजेपी में शामिल होने के बाद उपचुनाव हुए तो अब कांग्रेस औऱ बीजेपी दोनों के ही पास 17-17 सीटें है।