कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। राज्य में दलों के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लग रहा है। पूरा राज्य चुनावमय हो गया है और हर जगह लोग सिर्फ यही चर्चा कर रहे हैं कि इस बार किस पार्टी को कर्नाटक की कमान सौंपनी है। इस चुनाव में मुख्य टक्कर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस-जेडीएस के बीच देखने को मिल रहा है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि बीजेपी ने कर्नाटक में 3.5 साल सरकार चलाई लेकिन, न तो वे अपना चेहरा दिखा पा रहे है और न ही वे आपके सामने बोल पा रहे हैं। अबकी बार बदलाव जरूर आएगा। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी के पास कर्नाटक के लोगों की परेशानियों की लिस्ट नहीं है, उनके पास पीएम मोदी को दी गई गालियों की लिस्ट है।
प्रियंका गांधी ने कहा मैं पीएम, मंत्रियों और भाजपा के नेताओं को चुनौती देती हूं कि वे किसी भी राज्य में कम से कम एक चुनाव लोगों के मुद्दों और उनकी समस्याओं पर लड़ें जहां वे अतीत के बारे में बात नहीं करते हैं या लोगों को आपस में नहीं लड़ाते हैं। लोगों की समस्याएं महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी हैं।
इससे पहले कर्नाटक के खानापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा था कि भाजपा की सरकार ने कर्नाटक से 1.50 लाख करोड़ रुपए लूटे हैं। उन्होंने कहा कि ये लूट की, झूठ की सरकार है। इन पैसों से कर्नाटक में 100 AIIMS, बच्चों के लिए 30,000 स्मार्ट क्लासरूम, 30 लाख गरीबों के लिए घर बन सकते थे। बीजेपी ने हर स्तर पर लूटा है और राज्य की जनता को धोखा दिया है।