मध्य प्रदेश में गुरुवार को रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया है। इंदौर के स्नेह नगर के नजदीक पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में बावड़ी की छत अचानक से ढह गई है, जिसमें कई लोग कुएं के अंदर गिर गए हैं। इस हादसे में अबतक 13 लोगों की मौत हो गई है। जब यह हादसा हुआ था तब मंदिर में कन्या पूजन चल रहा था।
बताया जा रहा है कि नगर निगम की जेसीबी अंदर पहुंची है। एक दीवार को तोड़ा गया है। लोगों को निकालने में दीवार की वजह से दिक्कत आ रही थी। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक बावड़ी से अब तक 7 लोगो को रेस्क्यू कर लिया गया है। बावड़ी में 13 लोग और सुरक्षित है, जिन्हें निकाला जा रहा है। शेष लोगो को रेस्क्यू करने के तेजी से प्रयास किए जा रहे है।
एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। जो लोग फंसे हैं, उन्हें निकालने का प्रयास जारी है। बाहर निकाले गए लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा, वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने हादसे की जांच के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हादसा हुआ। कन्या पूजन का कार्यक्रम था, इसलिए मंदिर में भीड़ ज्यादा थी। 30 से ज्यादा लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। तभी ज्यादा वजन होने की वजह से उसकी छत टूट गई। लोग 40 फीट नीचे गिर गए। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है।