पूर्व सांसद अभिनेत्री जया प्रदा ने सोमवार को एक बार फिर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान पर निशाना साधा है। जया प्रदा ने कहा कि आजम खान अपने किए कि सजा भुगत रहे हैं, उन्हें अपने पापों की सजा को भुगतान करना ही होगा।
उन्होंने कहा कि आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानते हैं। महिलाओं के बारे में कई तरह की बातें करते हैं। यह अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि अब आजम खान का खेल खत्म हो चुका है। आजम खान खुद को खुदा और भगवान के बाद सबसे महत्वपूर्ण समझने लगे थे। अब इनकी करनी की सजा उनको भुगतनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा- एक जमाना था, जब अल्लाह के बाद आजम खान ही धरती पर थे। ये सोच ही गलत थी। आप भगवान नहीं हो सकते हैं। दूसरों का सम्मान करना सीखे। अब बाप-बेटा का घमंड चकनाचूर हो गया। बेटे को भी अपने पिता के कर्मों की सजा मिल रही है
जय प्रदा ने कहा कि आज जब भी पद्मावत फिल्म देखती हैं तो आजम खां बिल्कुल खिलजी की तरह लगते हैं। उनका व्यवहार, महिलाओं के प्रति असम्मान की भावना और आतंक आजम खां की याद दिलाते हैं। हालत ये है कि सपा के नेता महिलाओं को लेकर अशोभणीय टिप्पणी करते हैं, इन सब पर अखिलेश यादव चुप रहते हैं।
बता दें कि पिछले साल हुए राज्य विधानसभा चुनाव में रामपुर सदर सीट से विधायक चुने गये सपा नेता आजम की सदस्यता वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान नफरती भाषण देने के मामले में रामपुर की अदालत द्वारा तीन साल की सजा सुनाये जाने के बाद अक्टूबर 2022 में समाप्त कर दी गयी थी। अब उनके बाद अब्दुल्लाह आज़म की विधायकी एक पुराने मामले में चली गई।