BBC के दफ्तरों पर आयकर विभाग के तलाशी अभियान के मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने बीबीसी पर प्रतिबंध लगाया था। उन्होंने कहा कि बीबीसी दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट संस्थानों में आता है।
भाटिया ने कहा, BBC के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई नियमानुसार और संविधान के तहत हो रही है। भाटिया ने कहा कि BBC ने अपनी रिपोर्टिंग के दौरान कश्मीर में आतंकवादी को करिश्माई युवा उग्रवादी बताया था। BBC ने होली के त्योहार पर भी टिप्पणी की। इतना ही नहीं BBC ने महात्मा गांधी पर भी प्रतिकूल टिप्पणी की थी। ये उदाहरण काफी अहम हैं।
कांग्रेस ने एक जारी ट्वीट में कहा है कि पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल। उधर, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि हम अडानी मामले में JPC की मांग कर रहे हैं, दूसरी ओर BBC के दफ्तर पर इस तरह की कार्रवाई हो रही है। विनाशकाले विपरीत बुद्धि।
छापेमारी की खबर पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है। अखिलेश यादव ने BBC पर छापे को ‘वैचारिक आपातकाल’ करार दिया है। उन्होंने यह प्रतिक्रिया ट्वीट कर दी है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे लगता है कि ये नहीं होना चाहिए था। लोग अभी यही सोचेंगे की ये BBC की आई 2 डॉक्यूमेंट्री का असर है। डॉक्यूमेंट्री से पहले ऐसा होता तो समझते कि इनकी कोई गलती है।