जम्मू और कश्मीर में चल रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कुछ देर के लिए बनिहाल में रोक दी गई थी। शुक्रवार को यात्रा बनिहाल में कुछ देर के लिए रोकी गयी थी। कांग्रेस ने सुरक्षा न मिलने का आरोप लगाया है। इस सबके बीच राहुल गांधी यात्रा छोड़कर निकल गए और भारत जोड़ो यात्रा कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़ी।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में सुरक्षा में चूक हुई है। हमें सुरक्षा नहीं मिल रही है। ऐसे में हम राहुल गांधी को इस तरह से आगे नहीं जाने दे सकते। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी जाना भी चाहते हैं, तब भी हम उन्हें आगे नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा कि सीनियर सुरक्षा अफसरों को यहां आना चाहिए। पिछले 15 मिनट में सुरक्षा में चूक हुई है। कांग्रेस ने कहा कि जब तक सुरक्षा नहीं मिलती, तब तक आगे नहीं बढ़ेंगे।
बताया जा रहा है कि राहुल की सुरक्षा घेरे में कई लोग घुस आए थे, जिसके बाद यात्रा को रोक दिया गया। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार सुबह 9 बजे बनिहाल से शुरू हुई थी। यात्रा रामबन से अनंतनाग जानी थी, लेकिन काजीगुंड में एंट्री के सिर्फ 1 किमी बाद यात्रा को रोक दिया गया। यात्रा में शामिल अन्य लोग अभी पैदल ही चल रहे हैं। शुक्रवार को इस यात्रा में नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला शामिल हुए थे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एक बार पहले भी खराब मौसम के कारण रोकी गई थी। जिसके बाद रामबन जिले से दोबारा यात्रा शुरू होने पर कांग्रेसी काफी उत्साहित नजर आ रह थे। यात्रा को दोबारा बनिहाल रेलवे स्टेशन से शुरु किया गया था। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता नाचते-गाते और जश्न मनाते दिखे थे। लेकिन दोबारा एक बार फिर यात्रा पर ब्रेक लग गया है।