कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर आर्थिक असमानता बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस ने इसी असमानता को खत्म करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन किया है।
खडगे ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश का आम नागरिक आर्थिक गैर बराबरी की गहरी खाई में फंस गया है और देश की बड़ी संपत्ति कुछ ही लोगों के हाथ में चली गई है। भाजपा द्वारा थोपे गए इस आर्थिक संकट से निपटने के लिए कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के रूप में देशव्यापी आंदोलन छेड़ा हुआ है।
खडगे ने ट्वीट किया भाजपा ने आर्थिक असमानता की खाई को इतना गहरा कर दिया है कि देश का आम इंसान उसमें धँसता जा रहा है। भारत में सबसे अमीर एक प्रतिशत के पास देश की कुल संपत्ति का 40 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा है, जबकि आधी आबादी के पास तीन प्रतिशत ही हिस्सा बचा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक सात सितंबर से चल रही भारत जोड़ो यात्रा, आर्थिक असमानता की खाई को भरने का आंदोलन है।
बता दें कि कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का श्रीनगर में समापन होगा। वहीं उनकी सुरक्षा को लेकर एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। एजेंसियों को राहुल की सुरक्षा को लेकर सबसे बड़ी चिंता उनकी घाटी में होने वाली पैदल यात्रा है। दरअसल यात्रा घाटी के कुछ ऐसे रास्तों से गुजरेगी, जहां फूल प्रूफ सिक्योरिटी के इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां उनकी पुख्ता सुरक्षा कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ करेगी।