भारत ने श्रीलंका को तीसरे एकदिवसीय मैच में 317 रन से हराया। इसके साथ ही उसने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था। न्यूजीलैंड ने एक जुलाई 2008 को आयरलैंड के खिलाफ 290 रन से जीत हासिल की थी। तीसरा एकदिवसीय मैच जीतने के साथ ही भारत ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज क्लीन स्वीप की।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत ने पांच विकेट पर 390 रन बनाए। भारत की तरफ से विराट कोहली ने नाबाद 166 जबकि शुभमन गिल ने 116 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से लाहिरू कुमारा और कासुन रजिता ने दो-दो विकेट चटकाए। हालांकि श्रीलंका की टीम केवल 73 रन पर ही ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से सिराज ने चार, कुलदीप और शमी ने 2-2 विकेट चटकाये।
भारतीय टीम की ओर से मोहम्मद सिराज ने चार विकेट चटकाए। श्रीलंका की ओर से केवल तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। नुवानिडु फर्नांडो ने 19, कासुन राजिता ने 13 और दासुन शनाका ने 11 रनों की पारी खेली। भारत ने इसके साथ ही सीरीज पर 3-0 पर कब्जा जमा लिया। भारत वनडे में 300 प्लस रनों से जीत हासिल करने वाला पहली टीम बन चुका है।
इससे पहले विराट कोहली की 110 गेंदों में नाबाद 166 रनों की पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 50 ओवर में 390 रन बनाए। भारत के लिए कोहली के अलावा शुभमन गिल ने भी शतक जड़ा। कोहली ने जहां 13 चौके और 8 छक्के जड़े। वहीं गिल ने 14 चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने 42 और श्रेयस अय्यर ने 38 रन बनाए।