केंद्र की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी और PM नरेंद्र मोदी पर रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में अगर किसी व्यक्ति को आप भगवान बनाते हैं तो यह लोकतंत्र की जगह तानाशाही बन जायेगी। खड़गे ने संविधान और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों, खासतौर से SC/ST और अन्य कमजोर तबकों को एकसाथ आने की अपील की।
गुजरात में हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी गुजराती पहचान का हवाला देकर प्रधानमंत्री द्वारा वोट मांगे जाने की ओर इशारा करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता ने कर्नाटक में आसन्न चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा ‘हर बात के लिए लोकतंत्र में अगर आप एक व्यक्ति को भगवान बना देते हैं, तो यह लोकतंत्र नहीं है, यह निरंकुशता है। यह तानाशाही की ओर ले जाएगा। इसके बारे में सोचें।आपको अपने अधिकारों को जानना होगा और आपको इसे पाने के लिए लड़ना चाहिए। खरगे ने आगे कहा, ‘अगर आपमें ताकत है, अगर आप एकजुट हैं, तो आपकी कीमत है।
आपको बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली जा रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वे यानी बीजेपी वाले मोदी को भगवान कहते हैं तो ये तानाशाही के अलावा और कुछ नहीं है। अब आपको अपने हक और वजूद की रक्षा करने के लिए क्या करना है, किस तरह से संघर्ष करना है? आपको इन सब बातों को समझना होगा। इसी मकसद से कांग्रेस पार्टी ने इस समावेश का आयोजन किया है।