कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लगातार समर्थन मिल रहा है। अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मंगलवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सराहना की।
उन्होंने कहा, एक नौजवान इस ठंड में देश में पैदल चल रहा है, ये प्रशंसनीय है। 50 साल का एक नौजवान देश को समझ रहा और 3,000 किमी पैदल चल रहा है तो हम इसकी प्रशंसा ही करेंगे।
आगे उन्होंने कहा कि मैं उनके इस कदम की सराहना करता हूं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। मैं आरएसएस का कार्यकर्ता हूं और आरएसएस ने कभी भी भारत जोड़ो यात्रा की निंदा नहीं की। राम मंदिर न्यास के महासचिव चंपत राय ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा कि वह खराब मौसम में चल रहे हैं और इसकी सराहना की जानी चाहिए।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने भी यात्रा को स्वागत योग्य बताया है। उन्होंने कहा कि भारत माता का नाम लेकर जो भी कुछ करता है कोई भी हो, हम उसकी सराहना करेंगे। उनकी यात्रा से भारत जुड़ रहा है या नहीं, ये तो नहीं पता, लेकिन राष्ट्र को जोड़ना चाहिए।
कड़ाके की सर्दी के बीच राहुल एक बार फिर सफेद टी-शर्ट पहनकर पदयात्रा करते दिखे। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगे लेकर रवाना हुए। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी समेत कई वरिष्ठ नेता भी राहुल के साथ कदमताल करते नजर आए।