उत्तरी सिक्किम में भारतीय सेना के जवानों को ले जा रहा ट्रक हादसे का शिकार हो गया। जवानों को ले जा रही ट्रक के एक खाई में फिसलने के बाद ये हादसा हुआ जिसमें 16 जवानों की मौत हो गई, जबकि 4 जवानों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। ये हादसा उत्तरी सिक्किम के लाचेन से 15 किमी दूर जेमा इलाके में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, सेना के तीन वाहन सुबह जवानों को लेकर जा रहे थे। ये काफिला चटन से थंगू की ओर जा रहा था। जेमा के रास्ते में एक वाहन का चालक अचानक मोड़ पर खड़ी ढलान की वजह से संतुलन खो बैठा और वाहन नीचे खाई में जा गिरा।
भारतीय सेना ने कहा कि दुर्भाग्य से, तीन जूनियर कमीशंड अधिकारी और 13 सैनिक ने दुर्घटना में शहीद हो गए। इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। नॉर्थ सिक्किम बेहद ही खतरनाक इलाका है। ये इलाका इन दिनों पूरा बर्फ से ढका होता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के वीर जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया। पीएम ने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।