दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की आंधी में भारतीय जनता पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है। MCD चुनाव में पार्टी के हार की जिम्मेदारी लेते हुए आदेश गुप्ता ने दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपा है। इस पर बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक आदेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद वीरेंद्र सचदेवा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। सचदेवा अगले अध्यक्ष की नियुक्ति तक कामकाज संभालेंगे। साल 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से मिली हार के बाद मनोज तिवारी की जगह आदेश गुप्ता को दिल्ली बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।
पार्टी अध्यक्ष पद से अपने इस्तीफे को लेकर आदेश गुप्ता ने कहा, “निगम चुनाव में पार्टी को अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, जो हार हुई इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैंने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है।”
बता दें कि 15 साल से MCD पर काबिज भाजपा को इस बार करारी हार का सामना करना पड़ा। यह पहली बार है, जब आम आदमी पार्टी ने निगम में जीत हासिल की है। 134 सीटों के साथ जीत दर्ज कर AAP अपना मेयर (महापौर) बनाएगी। इस बार दिल्ली में 2014 और 2017 से भी कम मतदान हुआ था।