हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को हरा दिया है। कांग्रेस ने कुल 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीटों पर जीत दर्ज की है। बहुमत का आंकड़ा हासिल कर चुकी कांग्रेस, प्रदेश में सरकार बनने जा रही है। भाजपा को महज 25 सीटों पर ही जीत मिली है। हालांकि दिलचस्प यह भी है कि कांग्रेस केवल 37,974 वोट अधिक लाकर भाजपा को पटखनी देनें में कामयाब हुई है।
कांग्रेस को 43.9 फीसदी वोट शेयर (18,52,504 वोट) के साथ 40 सीटें मिलीं। जबकि बीजेपी 43 फीसदी वोट शेयर (18,14,530 वोट) के साथ 25 सीटें जीतने में कामयाब रही और वोट शेयर का अंतर दोनों के बीच केवल 0.9 प्रतिशत अंक था। ये 1951 के बाद सबसे कम है।
2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 48.79 प्रतिशत के वोट शेयर के साथ 44 सीटें जीतीं। कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं और दोनों दलों के वोट शेयर में अंतर 7.11 प्रतिशत था। 2022 परिणामों के विश्लेषण से यह भी पता चलता है कि 40 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का औसत जीत का अंतर (5,784 वोट) 25 सीटों पर भाजपा के जीत के अंतर (7,427 वोट) से कम था। सभी 68 सीटों पर जीत का औसत अंतर 6,575 मत दर्ज किया गया।
दिल्ली में सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी (आप) पूरे दम-खम के साथ हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए उतरी थी। पार्टी ने दावा किया था कि दिल्ली और पंजाब की तरह हिमाचल प्रदेश में भी इस बार उसकी ही सरकार बनेगी। हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पूरा जोर लगा दिया था।
रोड शो के साथ-साथ जमकर चुनाव प्रचार भी किया था। लेकिन, यहां के लोगों ने आम आदमी पार्टी के साथ जाने से मना कर दिया. आप को इस प्रदेश में महज 1.1 फीसदी वोट मिले। कुल वोट की बात करें, तो आप को 45,591 वोट मिले हैं। आप को बीएसपी, सीपीआई, सीपीएम ज्यादा वोट मिले हैं।