महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राष्ट्रगान में हुई गड़बड़ी को लेकर उनको शर्मिदगी का सामना करना पड़ रहा है। तमाम बीजेपी नेता और सोशल मीडिया यूजर्स राहुल गांधी से सवाल पूछ रहे हैं।
ट्विटर पर वीडियो साझा करने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भी शामिल थे। उन्होंने कांग्रेस नेता और भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए पूछा, “राष्ट्रीय गीत भारत को एकजुट करने के लिए?” तमिलनाडु के बीजेपी नेता अमर प्रसाद रेड्डी ने इस वीडियो को इस सवाल के साथ शेयर किया, “राहुल गांधी, यह क्या है?
दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महाराष्ट्र में राहुल गांधी का कार्यक्रम था। राहुल गांधी मंच से राष्ट्रगीत बजाने के लिए कहते हैं, लेकिन यहीं एक गड़बड़ हो जाती है। भारत के राष्ट्र गीत की जगह नेपाल का राष्ट्रगान बजने लगता है। लेकिन राहुल गांधी को थोड़ी देर बाद महसूस होता है कि यह हमारे देश का राष्ट्रगीत नहीं बज रहा। जिसके बाद उन्होंने मंच पर पास खड़े नेताओं से इसे बंद करने के लिए कहा। यह पहला मौका नहीं है जब राहुल की सामूहिक फजीहत हुई है, इससे पहले भी कई बार विरोधियों को उनका मजाक बनाने का मौंका मिल चुका है।
राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के 71 दिन पूरे हो चुके हैं। कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा इस समय महाराष्ट्र के अकोला में पहुंची है। राहुल गांधी अबतक देश के 6 राज्यों के 30 जिलों का पैदल दौरा कर चुके हैं। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी 150 दिनों तक 3500 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। 71 दिनों बाद भी राहुल गांधी को 1608 किलोमीटर की और यात्रा करनी है। राहुल गांधी की यात्रा जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी।