पूर्व PM राजीव गांधी हत्याकांड की दोषी नलिनी श्रीहरन ने कहा- ‘प्रियंका गांधी वाड्रा फरिश्ता हैं। मेरी उनसे जेल में भावुक मुलाकात हुई। वह बहुत दयावान हैं। उन्होंने खुद ही मेरा सम्मान किया। यह बहुत बड़ी बात थी क्योंकि हमारे साथ जेल में अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता था।’ हमें अधिकारियों के सामने बैठने तक की मनाही थी। हमें खड़े होकर बात करनी पड़ती थी। लेकिन, जब प्रियंका आईं तो उन्होंने मुझे अपने पास बैठाया।
31 साल बाद जेल से रिहा हुई नलिनी रविवार को मीडिया से रूबरू हुई। राजीव गांधी की हत्या में सजायाफ्ता नलिनी ने उस वाकिए को याद किया जब प्रियंका गांधी उनसे मिलने जेल में आई थीं। नलिनी ने बताया कि पिता की हत्या के बारे में पूछने के बाद प्रियंका भावुक हो गई थीं। वो जेल में ही फूट फूटकर रोई थीं।
नलिनी ने कहा कि वह जो कुछ भी जानती थी उसे प्रियंका को बताया। उन्होंने कहा कि प्रियंका ने उससे तब अपने पिता की हत्या के बारे में जानना चाहा था और कई और अहम बातें भी हुईं। उन्होंने कहा कि उस बैठक में हुई अन्य बातों का खुलासा नहीं किया जा सकता क्योंकि यह प्रियंका के निजी विचारों से संबंधित है।
नलिनी ने पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या के बारे में बताया कि उनका इससे कोई लेना देना नहीं था। उन्होंने कहा कि हत्या में जो लोग शामिल थे उनकी दोस्ती पति के साथ थी। नलिनी ने दावा किया कि उन लोगों से जान पहचान होने की वजह से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें इस हत्याकांड में भूमिका होने पर कोई पछतावा है। इसपर नलिनी ने कहा, वास्तव में मेरी कोई भूमिका थी ही नहीं। लेकिन जो कुछ हुआ उसका उन्हें दुख है।