कांग्रेस द्वारा चलाई जा रही भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र में शुक्रवार को शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे हिंगोली में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। वहीं कांग्रेस ने पीएम मोदी के चार दक्षिणी राज्यों के दौरे पर कटाक्ष किया है। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का असर पहले से ही महसूस किया जा रहा है।
राहुल गाँधी और आदित्य ठाकरे ने मार्च के रास्ते में जमा लोगों का भी अभीवादन किया। नांदेड़ के अर्धपुर तालुका के सेनी गांव में प्रतिभागियों पर फूल बरसाए गए, जिसके बाद मार्च ने चोरम्बा फाटा में हिंगोली जिले में प्रवेश किया। दिलचस्प बात यह रही कि हिंगोली में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों सहित मार्च का जयकारा लगाने पहुंचे लोगों का एक समूह तो आया लेकिन वह अपने साथ एक हाथी को भी ले आया। सैन्यकर्मी ने ODOP की मांग किया।
आदित्य ठाकरे से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और उद्धव ठाकरे गुट के कुछ नेता भी इस यात्रा में शामिल हुए। उस दौरान राहुल के बाद एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने भी जनसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत से हम राहुल गांधी को दौड़ते हुए देख रहे हैं। हम कह सकते हैं कि जल्द ही हमारी किस्मत भी दौड़ने लगेगी।
कांग्रेस का दावा है कि इस यात्रा के जरिए देश को एकजुट करने की कोशिश की जा रही है और बीजेपी की विफलताओं को जनता के बीच लाया जा रहा है। कुछ दिन पहले नादेड़ में ही एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि आज देश में कई ज्वलंत समस्याएं हैं लेकिन केंद्र सरकार उन पर ध्यान नहीं दे रही है।