टी20 वर्ल्ड कप का 42वां मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच मेलबर्न में खेला गया। यह सुपर-12 राउंड का आखिरी मैच था। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी थी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.2 ओवर में 115 रन पर सिमट गई।
इसके साथ ही भारतीय टीम अपने ग्रुप में टेबल टॉपर बन गया है और अब उसका मैच दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड की टीम के साथ गुरुवार को होगा। भारतीय टीम अब यहां से सीधे एडिलेड जाएगी जहां पर इंग्लैंड उसका इंतजार कर रही होगी। वहीं पर न्यूजीलैंड की टीम का सामना बुधवार को सिडनी के मैदान पर पाकिस्तान से होगा।
जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम इंडिया को पहली ही गेंद पर विकेट मिला। वेस्ले मधेवेरे गोल्डेन डक पर आउट हुए। भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने शानदार कैच लपका। अर्शदीप सिंह ने टीम इंडिया को दूसरी सफलता दिलाई। मोहम्मद शमी ने तीसरी सफलता दिलाई। सीन विलियम्स 11 रन बनाकर आउट हुए। क्रेग एर्विन को हार्दिक पांड्या ने आउट किया। मोहम्मद शमी ने जिम्बाब्वे को पांचवां झटका दिया। टोनी मुनयोंगा 5 रन बनाकर आउट हुए।
रविचंद्रन अश्विन ने टीम इंडिया को छठी सफलता दिलाई। उन्होंने रेयान बर्ल को 35 रन पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने वेलिंगटन मसाकाद्जा को 1 रन पर आउट किया। रिचर्ड नगारवा को आउट करके जिम्बाब्वे को अश्विन ने 8वां झटका दिया। हार्दिक पांड्या ने सिकंदर रजा को 34 रन पर आउट किया। ऐसे विकेट गिरते रहे।
भारत को 186 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान केएल राहुल के साथ सूर्यकुमार यादव का था। राहुल ने जहां 35 गेंदों पर 51 रन बनाए, वहीं सूर्या ने 25 गेंदों पर 61 रनों की नाबाद पारी खेली। मिडिल ओवर में राहुल और कोहली का विकेट गिरने के बाद जरूर भारत के रनों की रफ्तार कम हुई थी, मगर सूर्या ने आखिरी 5 ओवर में इसकी भरपाई की। भारत ने आखिरी 30 गेंदों पर 79 रन बटोरे।