वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। गुजरात के वलसाड में वंदे भारत ट्रेन के एक्सीडेंट की सूचना है। जानकारी के मुताबिक ट्रेन से गाय टकराने के बाद यह हादसा हुआ। इस हादसे में ट्रेन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है। बीते दिनों भी वंदे भारत एक्सप्रेस का अहमदाबाद और आणंद के पास एक्सीडेंट हो गया था।
जानकारी के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस वलसाड़ के अतुल रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी कि अचानक तेज रफ्तार ट्रेन के सामने एक गाय आ गई। गाय ट्रेन की चपेट में आ गई। गाय के टकराने से ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ये घटना सुबह करीब 8 बजकर 17 मिनट की है।
वलसाड में वंदे भारत ट्रेन के साथ यह घटना सुबह करीब 8 बजकर 17 मिनट पर हुई। एक्सीडेंट के बाद वंदे भारत ट्रेन 30 मिनट तक रुकी रही। पौने नौ बजे के करीब ट्रेन को अतुल रेलवे स्टेशन से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। सूचना के बाद रेल विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। वंदे भारत ट्रेन के दुर्घटना ग्रस्त होने से पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई है।
बता दें कि मुंबई सेंट्रल और गांधीनगर कैपिटल के बीच चलाई जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के साथ एक ही महीने के अंदर आज ये तीसरा हादसा हुआ है। इससे पहले, मुंबई से गांधीनगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस 6 अक्टूबर को अहमदाबाद में भैंसों के झुंड से टकरा गई थी। इसके ठीक एक दिन बाद यानी 7 अक्टूबर को गुजरात के आणंद में वंदे भारत की गाय के साथ टक्कर हो गई थी।