बलात्कार और हत्या का दोषी राम रहीम को जब से वो पैरोल पर बाहर आया है, तब से सत्संग कर रहा है। गुरुवार को भाजपा के नेता और हिमाचल के परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने राम रहीम के सत्संग में शामिल हुए। इस दौरान बीजेपी मंत्री ने राम रहीम से आशीर्वाद लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मंत्री विक्रम ठाकुर रहीम सिंह से वर्चुअली जुड़े, जो उत्तर प्रदेश के बागपत में ‘सत्संग’ कर रहे थे। ठाकुर ने रहीम को संबोधित करते हुए कहा कि वह उऩसे से आशीर्वाद मांग रहे हैं और कहा कि वह तथा उनका संगठन बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।
रेप और हत्या का दोषी गुरमीत राम रहीम हाल ही में परोल पर जेल से बाहर आया। तब से उसकी मौज कट रही है। वो ऑनलाइन सत्संग कर रहा है। नेता लोग उसका आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। दिवाली का जश्न मना रहा है। म्यूजिक वीडियो बनाया जा रहा है। गोद ली बेटी हनीप्रीत का नाम भी बदल दिया। अभी तो 40 दिन के परोल की शुरुआत हुई है। आगे और भी बहुत कुछ देखने को मिल सकता है, ऐसे भी क़यास लगाए जा सकते हैं।
वहीं, विपक्ष राम रहीम के कार्यक्रम में बीजेपी नेताओं के भाग लेने पर लगातार सवाल उठा रहा है। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि राम रहीम को हरियाणा में अगले महीने होने वाले उपचुनाव और पंचायत चुनावों को प्रभावित करने के लिए पैरोल दी गई है। गौरतलब है कि हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर 3 नवंबर को उपचुनाव है। साथ ही राज्य के 9 जिलों में 9 और 12 नवंबर को पंचायत चुनाव भी होंगे।