केंद्रीय गृह अमित शाह ने गुरुवार को हरियाणा के फरीदाबाद में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके बाद जन उत्थान रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा है। अमित शाह ने कहा कि हुडा की 3डी सरकार थी, जिसमें दरबारी थे, दामाद थे और डीलर थे लेकिन, विकास करने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार मोदी के नेतृत्व में बनी और मनोहर लाल खट्टर उसके CM बने।
उन्होंने कहा, ”8 साल से पहले का हरियाणा याद कीजिए। एक सरकार बनती थी तो भ्रष्टाचार होता था और दूसरी सरकार बनती थी तो गुंडा गर्दी बढ़ती थी। मनोहर लाल के सरकार ने भ्रष्टाचार नहीं होने दिया, गुंडा गर्दी को समाप्त कर हरियाणा को सलामत बनाने का काम किया है।”
रैली को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि खट्टर सरकार ने गत आठ साल के अपने कार्यकाल में हरियाणा को बदलने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के लंबे समय बाद राज्य को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जो संपूर्ण विकास के लिए काम करता है।
फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित हुड्डा मैदान में उत्थान रैली में अमित शाह हरियाणा को 6600 करोड़ के 4 बड़े प्रोजेक्टों की सौगात दी। शाह ने हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया। इसके साथ ही रोहतक एलिवेटेड रेल पथ, रेल कोच नवीनीकरण कारखाना सोनीपत और हरियाणा पुलिस आवासीय परिसर भोंडसी का लोकार्पण किया।