भारतीय मूल के ऋषि सुनक यूके के अगले प्रधानमंत्री बनने की रेस में सबसे आगे निकल चुके हैं। उनके समर्थन में यूके की पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल भी आ गई हैं। इस बीच खबरें आ रही हैं कि भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे के आसपास यूके के अगले पीएम के नाम का ऐलान हो सकता है। अगर ऋषि पटेल यूके के पीएम चुने गए, तो वो नया इतिहास रच देंगे।
उनके समर्थन में 150 से ज्यादा सांसद हैं। 28 अक्टूबर को सुनक पीएम पद की शपथ ले सकते हैं। इसके बाद 29 अक्टूबर को कैबिनेट का गठन किया जा सकता है। इससे पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री पद पर पूर्व PM बोरिस जॉनसन के दावेदारी से इनकार करने के बाद भारतीय मूल के नेता ऋषि सुनक की कंजरवेटिव पार्टी के नेतृत्व पर काबिज होने की संभावना और प्रबल हो गई।
भारतीय मूल के ऋषि सुनक, बोरिस जॉनसन सरकार में वित्त मंत्री रह चुके हैं। इस दौरान उन्होंने कोरोना काल में देश की इकोनॉमी को मंदी से सफलतापूर्वक उबारने का काम किया, होटल इंडस्ट्री को आर्थिक पैकेज दिया, टूरिज्म इंडस्ट्री को राहत पैकेज दिया और कर्मचारियों, स्वरोजगार वाले लोगों के लिए भी सहायता राशि दी। ऋषि सुनक के इन्हीं कार्यों के चलते पार्टी सांसदों की वे पहली पसंद बने।
बता दें कि ऋषि सुनक के माता-पिता भारतीय मूल हैं। हालांकि उनका जन्म 12 मई 1980 को इंग्लैंड के साउथम्पैटन में हुआ था। ऋषि सुनक का भारतीय कनेक्शन कुछ इस तरह से है। उनके दादा दादी भारत से अफ्रीका में जाकर बस गए थे। इसके बाद इनके पिता अफ्रीका से ब्रिटेन में जाकर बसे। ऋषि सुनक के नाना पंजाब से तंजानिया शिफ्ट हो गए। इसके बाद इनकी मां का परिवार तंजानिया से ब्रिटेन में जाकर रहने लगा। ब्रिटेन में ही इनके माता-पिता की शादी हुई।