राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता ने RJD कार्यालय के सामने एक नया पोस्टर लगाया है। इस पोस्टर में लालू प्रसाद को विष्णु अवतार में दिखाया गया है। लालू प्रसाद के अगल-बगल भाजपा विरोधी दलों के तमाम नेताओं के सिर हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, मुलायम सिंह यादव, शिबू सोरेन, सीताराम येचुरी जैसे कई नेता मुकुट पहन भगवान के अवतार में हैं।
पोस्टर में लालू यादव के 15 सिरों की तस्वीर के ऊपर लिखा है कि सरकार की तरफ से हार्दिक बधाई बा, 2024 में दिल्ली पर चढ़ाई बा। पोस्टर का सीधा मकसद 2024 चुनाव में विपक्ष को एकजुट दिखाना है। जिन नेताओं को लालू यादव के अलग-अलग सिर के रूप में दिखाया गया है उनमें से कइयों ने अबतक एकजुट विपक्ष के लिए सहमति नहीं जताई है। 2024 लोकसभा चुनाव में जो नेता अब तक लालू और नीतीश के साथ नहीं आए हैं पोस्टर में उनका भी फोटो लगाया गया है।
इस पोस्टर में तेजस्वी यादव को कृष्ण तो नीतीश कुमार को अर्जुन के रूप में दिखाया गया है। पोस्टर में तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार से कह रहे हैं कि आपके साथ पहले के चक्र धारी और अब के लालटेन धारी हैं। इस बार दिल्ली फतह कर लेनी है।
आरजेडी कार्यकर्ता के द्वारा लगाए गए इस पोस्टर के बात बिहार में सियासी तापमान बढ़ गया है। राजद के इस पोस्टर पर भारतीय जनता पार्टी ने आपत्ति जताई है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता की पंक्तियों जरिए कहा है कि जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।