राजस्थान में जारी सियासी उठक पठक का अब राजस्थान से दिल्ली आ पहुंचा। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने 10 जनपथ पहुंचे हैं। इस बैठक में सोनिया गांधी, गहलोत के अलावा कांग्रेस संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि सीएम अशोक गहलोत के बाद सोनिया गांधी सचिन पायलट से भी मुलाकात कर सकती हैं जो पिछले 2 दिन से दिल्ली में हैं।
माना जा रहा है कि कांग्रेस आला कमान द्वारा अशोक गहलोत खेमे से राजस्थान के मंत्री शांति धारीवाल, महेश जोशी और धर्मेंद्र राठौर को अनुशासनहीनता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी होने के एक दिन बाद सीएम अशोक गहलोत का सोनिया गाँधी से इस मुलाक़ात को बेहद अहम माना जा रहा है। ये मुलाक़ात राजस्थान की आने वाली सियासत को एक नया रास्ता दिखा सकता है।
बता दें कि इससे पहले दिल्ली पहुंचने के बाद अशोक गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं इंदिरा जी के समय से देखता आ रहा हूं। हमेशा पार्टी में अनुशासन है इसलिए पार्टी के चाहे 44 सांसद आएं या 52 आएं, लेकिन पूरे देश में वह राष्ट्रीय पार्टी है और उसकी नेता सोनिया गांधी जी हैं। सोनिया गांधी जी के अनुशासन में पूरे देश में कांग्रेस है, ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं।
इस बीच दिग्विजय सिंह कांग्रेस दफ्तर पहुंचकर अध्यक्ष चुनाव का पर्चा ले लिया है।दिग्विजय सिंह ने पर्चा लेने के बाद कहा कि वह अपना नामांकन फॉर्म लेने आए थे और संभवत: वह कल पर्चा भरेंगे। गौरतलब है कि राजस्थान में पार्टी में कलह के बाद से ही सोनिया गांधी काफी एक्टिव हो गई हैं। दिग्विजय को भी गांधी परिवार का करीबी माना जाता है।