
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को 2022 टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। वहीं पाकिस्तानी टीम के पेस अटैक की अगुवाई करने वाले बाएं हाथ के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का भी नाम है, जो फिलहाल चोट से उबर रहे हैं।
22 वर्षीय शाहीन जुलाई में श्रीलंका में पहले टेस्ट में फील्डिंग के दौरान अपने घुटने को चोटिल कर बैठे थे। इसके कारण वह एशिया कप से बाहर हो गए थे। हालांकि, वह टीम के साथ UAE गए थे।
शाहीन आफरीदी को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। जिसमें वह एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कह रहे हैं कि तेज़ गेंदबाज़ शाहीन अफरीदी को खुद इलाज करना पड़ रहा है। शाहीन अफरीदी अपने खर्च पर इंग्लैंड इलाज के लिए गए। वहां पर उन्होंने डॉक्टर को कॉन्टेक्ट किया। उनके इलाज में PCB ने कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि शाहीन की जगह कोई भी लड़का हो, जो देश के लिए खेल रहा है और आपकी टीम का अहम सदस्य है, उसके चोटिल होने पर उसकी देखभाल रखना PCB की जिम्मेदारी है। ये नहीं कि उसे उसके हाल पर ही छोड़ देना चाहिए।
बता दें कि शाहीन शाह आफरीदी की सगाई शाहीद अफरीदी की बेटी से हुई है। शाहिद आफरीदी ने पिछले साल ही ऐलान किया था कि उनकी बड़ी बेटी की शादी शाहिन आफरीदी के साथ होगी। दोनों की सगाई हो गई है, लेकिन शादी की तारीख अभी तक पक्की नहीं हुई है।













