नई दिल्ली,17 जून। करीब 25 साल की युवती से रेप के आरोप में फंसे दिल्ली के छतरपुर स्थित शनिधाम में मंदिर के संस्थापक दाती महाराज उर्फ मदनलाल व उनके भाई गायब हो गए है।
दाती महाराज और उनके तीनों सगे भाई अशोक, अर्जुन और अनिल अंडरग्राउंड हैं। 25 साल की पीड़िता ने अपनी कंप्लेंट में इन्हीं पर आरोप लगाया है। शुक्रवार से ‘बाबा ऐंड ब्रदर्स’ अंडरग्राउंड हो गए हैं। बता दें, कि पीड़िता की तरफ से दर्ज केस में दाती महाराज के साथ अशोक, अर्जुन व अनिल पर भी रेप और कुकर्म के आरोप हैं, ये तीनों दाती महाराज के सगे भाई हैं। वहीं दिल्ली पुलिस की तरफ से भेजे गए नोटिस के तहत आरोपी बाबा को शनिवार सुबह 11 बजे तक पेश होना था। लेकिन दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच इंतजार करती रही। क्राइम ब्रांच को इत्तला मिली है कि बाबा सोमवार को पेश होंगे।
मामले में जांच करने दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम राजस्थान के पाली स्थित शनिधाम मंदिर और अलावास स्थित आश्रम पहुंची। पीड़िता ने क्राइम ब्रांच को उन सभी ठिकानों के बारे में बताया कि जहां उसके साथ रेप किया गया। दुष्कर्म के आरोपों से पहले यहां रोजाना हजारों की संख्या में लोगों का आवागमन बताया जाता है, लेकिन शनिवार को आश्रम पूरी तरह सुनसान पड़ा हुआ था। यहां पीड़िता ने अपने साथ हुई दुष्कर्म की घटना से संबंधित स्थानों को चिह्नित किया और पीड़िता के बताए स्थानों पर टीम ने तलाशी ली। दोनों ठिकानों से बाबा और उसके भाई गायब मिले। पाली आश्रम पर सुरक्षा देने के लिए आरएसी के 50 जवान पहुंचे हुए थे। क्राइम ब्रांच टीम ने 27 आश्रम के सेवादार समेत लोगों से गहन पूछताछ की।