बिहार चुनाव में मंगलवार को दूसरे चरण के लिए वोट पड़ गए। राजनीतिक दल और नेता अब तीसरे चरण के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। यह बिहार चुनाव का अंतिम चरण है और इसमें एनडीए से अलग होकर अकेले मैदान में उतरे लोजपा के 41 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं।
एनडीए गठबंधन में जदयू को 35 सीटें मिली हैं। इन सीटों पर चिराग ने भी अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं। लोजपा के अन्य प्रत्याशियों में चार वीआईपी, एक भाजपा और एक हम के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव 2020: आख़िरी क्षणों में वोटरों को लुभाने की बेइंतिहा कोशिश
बिहार चुनाव में चिराग लगातार भाजपा के पक्ष और जनता दल यू के खिलाफ बोल रहे हैं। ऐसे में एनडीए में शामिल दलों के खिलाफ मैदान में उतरी लोजपा का इन सीटों पर कैसा प्रदर्शन रहता है इस पर सबकी निगाहें हैं।
चिराग लगातार ऐलान कर रहे हैं कि चुनाव के बाद बिहार में भाजपा और लोजपा की सरकार बनेगी लेकिन इस चरण में एक सीट पर भाजपा के खिलाफ भी लोजपा मैदान में हैं। हालांकि लोजपा इसे दोस्ताना लड़ाई कह रही है।
तीसरे चरण में लोजपा के टिकट पर ताल ठोंक रहे कई प्रत्याशी भाजपा के बागी हैं। इसमें लौकहा से प्रमोद कुमार प्रियदर्शी, सुगौली से विजय प्रसाद गुप्ता, कदवा से चंद्रभूषण ठाकुर, रानीगंज से परमानंद ऋषिदेव, अररिया से चंद्रशेखर सिंह बबन, बरारी से विभाषचंद्र चौधरी और मधेपुरा से साकार सुरेश यादव शामिल हैं।
लोजपा ने बिहार चुनाव में कुल 136 प्रत्याशी उतारे थे। इसमें से दो (मखदुमपुर और फुलवारी) पर उनका नामांकन रद हो गया। अब उनके कुल 134 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से 93 का भाग्य ईवीएम में कैद हो चुका है।
ये भी पढ़ें: राजस्थान में दिवाली पर पटाखे बेचने पर 10 हजार और जलाने पर 2 हजार का जुर्माना, कोरोना वायरस के चलते फैसला
तीसरे चरण 7 नवंबर को इन जिलों में होगी वोटिंग। तीसरे चरण में पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णियां, अररिया, किशनगंज और कटिहार में 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। तीसरे चरण में 78 विधान सभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।












