कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक दिन के दौरे पर वाराणसी पहुंची। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार ने जो किया है, वो संविधान को तोड़ने वाला और देश को तोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे उसके खिलाफ खड़े हैं, मैं उनकी आभारी हूं। प्रियंका ने कहा कि पुलिस ने सीएए का विरोध कर रहे छात्रों से दुर्व्यवहार किया है। मासूम बच्चों पर गलत धाराएं लगाईं। पीड़ित बच्चे यूनिवर्सिटी के छात्र हैं न कि दं’गाई। छात्र शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। मुझे इन पर गर्व है।
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को जनविरोधी बताते हुए उन्होंने आगे कहा कि सीएए के विरोध में जेल जाने वालों के साथ उनकी पार्टी खड़ी है। कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी तो सभी के मुकदमे खत्म किए जाएंगे। इस समय मुकदमा लड़ने में कांग्रेस पार्टी मदद करेगी।
रविदास मंदिर में दर्शन के बाद लोगों से मुलाकात कर उन्होंने काशी विश्वनाथ दरबार में भी हाजिरी लगाने के साथ दर्शन पूजन किया। वहीं इससे पूर्व प्रियंका गांधी पंचगंगा घाट स्थित श्री विद्यामठ पहुंचीं तो उन्होंने पूजा-अर्चना कर देश में शांति एवं समृद्धि की कामना की।
बाबा दरबार में दर्शन पूजन से पूर्व उन्होंने विश्वनाथ धाम कारीडोर का भी जायजा लिया और क्षेत्र में चल रही तैयारियों के बाबत पदाधिकारियों से जानकारी भी हासिल की। बाबा दरबार में दर्शन पूजन के बाद प्रियंका गांधी 1.50 बजे मंदिर से बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गईं। एयरपोर्ट पहुंचने पर दोपहर 3.40 बजे प्रियंका चार्टर विमान से जयपुर रवाना हो गईं।