नई दिल्ली: दक्षिण भारत के एक्टर सिद्धार्थ ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर सरकार का कड़ा विरोध किया है। सिद्धार्थ ने मार्टिन नीमोलर की हिटलर के समय लिखी विश्व की सबसे मशहूर राजनैतिक नज्म ‘पहले वे कम्युनिस्टों के लिए आए’ का एक हिस्सा ट्वीट करते हुए लोगों से एकजुट होकर इस कानून की मुखालफत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फासीवाद के खिलाफ हमें एकजुट होकर लड़ना होगा।
अपने ट्वीट में सिद्धार्थ ने भारत बचाओ का हवाला देते हुए लोगों को फासीवाद से दूर रहने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने ट्विटर पर विरोध जताते हुए लिखा कि वे हमेशा नफरत का रास्ता खोजेंगे। सिद्धार्थ का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, साथ ही लोग इसपर अपने रिएक्शन भी दे रहे हैं।
सिद्धार्थ ने अपने ट्वीट में लिखा, “पहले वे मुसलमानों को, फिर ईसाईयों को, फिर दूसरे धर्मों को छांटेंगे, फिर वे दलित जातियों को किनारे करेंगे और इसके बाद स्त्रियों के अधिकारों को छीनेंगे। वे हमेशा बांटने का रास्ता ढूंढेंगे। वे हमेशा नफरत का रास्ता ढूंढेंगे। ये ही उनका तरीका है। फासीवाद को ना कहो। भारत बचाओ।”
बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने कहा कि एक लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार, जो अपने ही लोगों के खिलाफ कानून बनाती है, नाजी जर्मनी मॉडल का स्पष्ट रूप से पालन कर रही है। यह सरकार अपने ही देश के लोगों के बीच नाकाम रही है। देखिए सड़कों पर क्या हो रहा है। भारत विरोध कर रहा है, आप हमें विभाजित नहीं कर सकते।
अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ट्वीट कर कहा: ‘(भारत में…) धर्म नागरिकता का आधार नहीं है। धर्म भेदभाव का आधार नहीं हो सकता। राज्य धर्म के आधार पर फैसला नहीं ले सकता। नागरिकता संशोधन बिल ने मुसलमानों को स्पष्ट रूप से बाहर रखा है..’-NRC/CAB प्रोजेक्ट में जिन्ना का पुनर्जन्म हुआ है। हैलो हिन्दू पाकिस्तान!
इनके अलावा बॉलीवुड अभिनेता फरहान बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा, अभिनेत्री परिणिती चोपड़ा और गोहर खान ने भी विरोध किया है।