नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह कश्मीर के मुद्दे पर दखल देना बंद करे। इसके अलावा सीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि पंजाब पर पाकिस्तान की नजर है और हम उसके नापाक मंसूबों में उसे कामयाब नहीं होने देंगे। पाकिस्तान को समझना चाहिए की भारत दोस्ताना रिश्ते चाहता है। बता दें, शनिवार को करतारपुर गुरुद्वारा साहिब के दर्शन कर भारत लौटने के बाद सीएम अमरिंदर ने पाकिस्तान पर बयान दिया।
कैप्टन ने कहा,‘‘मैंने कई बार पाकिस्तान कोनापाक हरकतों पर लगाम लगाने के लिए कहा है। कश्मीर में आए दिन वे हमारे सुरक्षाबलों के साथ संघर्ष करते रहते हैं। अब उनकी नजर पंजाब पर है।पंजाबी इस तरह की चीजों को बर्दाश्त नहीं करेगा। वे अपने नापाक मंसूबों में कश्मीर या पंजाब में सफल नहीं होंगे। पंजाब के लोग बहादुर हैं। आप जो चाहे नहीं कर सकते। हमने कोई चूड़ियां नहीं पहनी हैं।’’
‘भारत-पाक को करीब आना चाहिए’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें स्कूल बनाने, सड़क निर्माण, पीने का पानी उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर ध्यान लगाना चाहिए। दुश्मनी से पाकिस्तान को क्या हासिल होगा। मैंने कई बार प्रधानमंत्री से बात की है और वह भी चाहते हैं कि शांति बनी रहे। दोनों देशों को करीब आना चाहिए।
सीएम ने आगे कहा कि, मैंने कई बार पीएम मोदी से बात की है और उन्होंने ने भी यही कहा है कि वह पाकिस्तान के साथ शांति और अमन चाहते हैं। पाकिस्तान को भी यह समझना चाहिए कि हमारा देश उनसे दोस्ती चाहता है। अमरिंदर ने आगे कहा कि पाकिस्तान को भारत के खिलाफ नापाक मंसूबे बनाने की बजाए अपने लोगों पर ध्यान देना चाहिए, पाकिस्तान को विकास, स्कूलों के निर्माण, सड़कों में सुधार और अपने लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।