हरियाणा में शुक्रवार को दिनभर चली सियासी सरगर्मी के बाद देर शाम भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जजपा) के बीच साझा सरकार बनाने पर सहमति बन गई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा था कि राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा और उपमुख्यमंत्री पद जेजेपी को दिया जाएगा। अब आज यानी शनिवार को हरियाणा में भाजपा प्रदेश के राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। कल यानी दिवाली वाले दिन मनोहर लाल खट्टर दोपहर दो बजे राज्यपाल भवन में शपथ ग्रहण करेंगे।
सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक जारी है। शुक्रवार को जहां बताया जा रहा था कि इस बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शामिल होंगी लेकिन अब उनकी जगह केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद बैठक में मौजूद हैं। उनके साथ ही, महासचिव अरुण सिंह भी हैं। बैठक के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्या से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
शुक्रवार को दिनभर चला बैठकों का दौर
इससे पहले हरियाणा में दिनभर सरकार के गठन को लेकर बैठकों का दौर चला। भाजपा ने पहले निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल कर बहुमत का आंकड़ा तय किया और उसके बाद उसने जजपा के साथ बातचीत की। उधर, जजपा प्रमुख दुष्यंत चौटाला ने भी कहा था कि जो उनकी मांगें मानेगा, वह उसे समर्थन देंगे।