दिल्ली कांग्रेस को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल जाएगा। दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष और दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के निधन से खाली हुए इस पद को भरने के लिए कांग्रेस हाईकमान काफी सक्रियता से विचार कर रहा है। कांग्रेस में शीला दीक्षित के उत्तराधिकारी की तलाश से जुड़ी इस कवायद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी खुद दिलचस्पी ले रही हैं। जनवरी में होने वाले आगामी दिल्ली चुनाव को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान काफी समय से खाली इस पद को अब बहुत जल्द भरने की तैयारी कर रहा है।
तैयारी में पिछड़ रही कांग्रेस में बेशक तीन कार्यकारी अध्यक्ष हैं लेकिन बिना अध्यक्ष के कांग्रेस रेस से पिछड़ती जा रही है। ऐसे में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा को लेकर लंबी बातचीत की। उसमें बिहार से सांसद रहे और भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद का नाम प्रमुखता से सामने आया।
पीसी चाको का कहना है कि बृहस्पतिवार की बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई। इसमें पुराने नेताओं के साथ नए चेहरों पर भी विचार हुआ है। शुक्रवार को एक बार भी सोनिया गांधी के साथ बैठक होगी।
इसमें भी इस मसले पर चर्चा होगी। दूसरी तरफ पटना में मौजूद कीर्ति आजाद ने बताया कि अभी तक उनके पास कांग्रेस आलाकमान की तरफ से कोई औपचारिक संदेश नहीं आया है। पार्टी से मिली हर जिम्मेदारी के लिए उन्होंने खुद को तैयार बताया।
जुलाई में हुआ था शीला दीक्षित का निधन
बीते जुलाई में शीला दीक्षित का निधन हो गया था और उसके बाद से ही दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी खाली है। अब जबकि दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ रही हैं तो पार्टी जल्द ही प्रदेश का नया मुखिया तय करने की योजना बना रही है।
शीला दीक्षित के निधन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली के नेताओं और प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी इंचार्ज पीसी चाको से मुलाकात की थी, लेकिन अध्यक्ष की घोषणा नहीं हो पाई थी।