नई दिल्ली: बिहार की राजधानी पटना में जिस तरह से पिछले कुछ दिनों ही लगातार बारिश की वजह से हर तरफ जलभराव की स्थिति हो गई, उसके बाद विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर हमलावर है। पटना की बदहाली के लिए तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह प्राकृति आपदा नहीं है, बाढ़ के हालात के दौरान प्रशासन शहर का मैप तक नहीं ढूंढ़ सका। नीतीश कुमार विकास की बात करते हैं, लेकिन कहां है विकास। आखिर कैसे पटना स्मार्ट सिटी है। नीतीश कुमार को इस दुर्दशा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि राजधानी के लोग बाढ़ के पानी से परेशान हैं, लेकिन पटना के कमिश्नर और नगर आयुक्त संन्यास लेकर भागे हुए हैं। पूरा सिस्टम फेल हो गया है। डबल इंजन की सरकार आज जानवरों की तरह लड़ रही है। जनता की कोई सुनने वाला नहीं है। बिहार में आज कोई काम नहीं हो रहा है, बल्कि हर तरफ लूट मची है।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि उन्होंने समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष राजनीति को खतरे में डालने में आरएसएस और भाजपा की मदद की। तेजस्वी ने नीतीश को ‘गिरगिट’ जैसे चरित्र वाला बताया। साथ में उनके धर्मनिरपेक्ष महागठबंधन में लौटने की किसी भी संभावना से इनकार किया।
बाढ़ को लेकर तेजस्वी ने कहा, राज्य की जनता ने इस भीषण बाढ़ में खुद को असहाय महसूस किया है, साथ ही नीतीश कुमार की असंवेदनशीलता को देखा है। जनता इसका जवाब मतदान केंद्रों पर सीएम नीतीश को देगी।
तेजस्वी ने कहा कि हम चेहरा चमकाने वाले लोग नहीं है। आरजेडी ने पूरी गंभीरता से लोगों को मदद की है। तेजस्वी ने कहा पटना में जलजमाव ड्रेनेज सिस्टम के फेल्योर के साथ एक बड़ा भ्रष्टाचार भी है। हमने पहले भी सरकार को चेताया था, लेकिन सरकार शायद नींद में हैं, इसलिए जागना नहीं चाहती है।