कांग्रेस नेता व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री चिन्मयानंद मामले में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की रविवार को तीखी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज नहीं किया गया है और प्रशासन पूर्व केन्द्रीय मंत्री को ‘बचा’ रहा है।
कानून की एक छात्रा ने चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप लगाया था। बाद में 23 वर्षीय छात्रा को पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोप में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, “एक साल पहले शाहजहांपुर के कई प्रशासनिक अधिकारी चिन्मयानंद की आरती उतारते दिखाई दिए थे और ये मामला अखबारों में उछला था। बलात्कार पीड़िता द्वारा पूरी आपबीती बताने के बावजूद बलात्कार का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, कैसे होता? जब पूरा महकमा गले लगाकर उनका बचाव कर रहा था। ”
उन्नाव से लेकर शाहजहांपुर तक भाजपा आरोपियों के साथ खड़ी है। कांग्रेस ने चिन्मयानंद के खिलाफ तत्काल बलात्कार का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पीड़िता को तत्काल जेल से रिहा करने के लिए कहा।
कांग्रेस 30 सितंबर से शाहजहांपुर से लखनऊ के लिए पदयात्रा शुरू करेगी। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।