नई दिल्ली: बॉलीवुड के महानायक कहे जाने वाले अभिनेता अमिताभ बच्चन को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सूचना एंव प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने ट्वीट के जरिए यह जानकारी साझा की। दादा साहब फाल्के पुरस्कार भारतीय सिनेमा का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार है। इसे हम भारतीय सिनेमा का नोबल पुरस्कार भी कह जिते हैं। सिनेमा के क्षेत्र में शानदार योगदान के लिए दिया जाता है। इस बार पुरस्कार सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को दिया जा रहा है।
प्रकाश जावड़ेकर ने लिखा, “लीजेंड अमिताभ बच्चन जिन्होंने हमें दो पीढ़ियों तक एंटरटेन किया है। उन्हें एकमत ढंग से दादा साहब फाल्के अवॉर्ड के लिए चुना गया है। पूरा देश और इंटरनेशनल कम्युनिटी इस बारे में खुश है। मेरी उनको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
76 वर्षीय अमिताभ बच्चन अभी भी भारतीय सिनेमा में कार्यरत हैं। 1969 में फिल्म सात हिंदुस्तानी से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अमिताभ बॉलीवुड को अब तक दर्जनों हिट फिल्में दे चुके हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनके पास फिल्मों की कोई कमी नहीं है। अमिताभ की आने वाली फिल्मों की बात करें तो वह आने वाले वक्त में झुंड, साय रा नरसिम्हा रेड्डी, तेरा यार हूं मैं, बटरफ्लाई, AB यानि CD, ब्रह्मास्त्र, चेहरे और गुलाबो सिताबो में काम करते नजर आएंगे।
दादा साहब फाल्के ने करियर में 95 फिल्में बनाईं
30 अप्रैल 1870 को महाराष्ट्र में जन्मे दादा साहब का असली नाम धुंडीराजगोविंद फाल्के था। उन्होंने अपने 19 साल के करियर में 95 फिल्में बनाईं। इसमें से 26 शॉर्ट फिल्में थीं। इनमें मोहिनी भस्मासुर, सत्यवान सावित्री, श्रीकृष्ण जन्म और लंका दहन सबसे ज्यादा मशहूर फिल्में हैं।