नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को पाकिस्तान पर बड़ा हमला बोला। नायडू ने कहा कि भारत गंभीर उकसावे के बावजूद संयम से काम कर रहा है। लेकिन अगर हमला किया जाता है तो भारत ऐसा जवाब देगा कि भूल नहीं पाओगे। गौरतलब है कि मोदी सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद भारत पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है।
वेंकैया नायडू ने ये बयान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अपने कार्यकाल के दूसरे साल में दिए गए भाषणों के संग्रह के विमोचन के अवसर पर ये टिप्पणी की। शांतिपूर्ण तरीकों से देश की संप्रभुता की रक्षा की भारत की प्रतिबद्धता को लेकर किताब के एक अंश का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत हमेशा शांति और सहयोग के मूल्यों का सख्ती से पालन करता रहा है। इसके साथ उन्होंने चेतावनी भी दी कि भारत अपने खिलाफ होने वाले किसी भी आक्रामक कृत्य का मुंहतोड़ जवाब देगा।
नायडू ने कहा कि अगर आप भारत के इतिहास से गुजरेंगे तो वो कभी आक्रामक नहीं रहा, उसने कभी भी किसी देश पर हमला नहीं किया, जिसे विश्वगुरू के तौर पर जाना जाता था। दूसरों से बहुत पहले भारत की जीडीपी अधिकतम थी। इसके बावजूद भारत ने कभी भी किसी देश पर हमला नहीं किया। यदि आप सद्भाव में रहना चाहते हैं, तो शांति के साथ रहना चाहिए और साथ मिलकर काम करना चाहिए, और फिर एक साथ आगे बढ़ना चाहिए। यही भारत का दर्शन है।