नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अगले साल चुनाव होने वाला है। वहीं कांग्रेसी नेता शीला दीक्षित के निधन के बाद से दिल्ली कांग्रेस का ये पद खाली चल रहा है। पार्टी में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए माथापच्ची शुरू हो गई है। गुरुवार को पार्टी के दिल्ली प्रभारी पी सी चाको सहित दिल्ली कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास 10 जनपथ पहुंचे। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी यह बैठक दिल्ली कांग्रेस के सभी पूर्व अध्यक्षों के साथ करेंगी।
इस बैठक में अजय माकन, अरविंदर सिंह लवली, जेपी अग्रवाल, ताजदार बाबर और सुभाष चोपड़ा भी शामिल हो रहे हैं। माना जा रहा है कि सोनिया गांधी इन सभी नेताओं के साथ चर्चा करने के बाद दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद के नाम का ऐलान भी कर सकती हैं। बैठक के बाद कांग्रेस पार्टी के दिल्ली प्रभारी ने कहा कि अगले 2-3 दिन में नए अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली के मद्देनजर सभी मुद्दों पर बातचीत हुई है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, रोज नए-नए समीकरण बन रहे हैं। औसतन हर रोज दिल्ली का कोई न कोई नेता सोनिया गांधी से मुलाकात कर रहा है, हर मुलाकात के बाद कयासों का दौर भी बदल जा रहा है। दो दिन पहले दो पूर्व मंत्री डॉक्टर ए के वालिया और अरविंदर सिंह लवली ने मुलाकात की थी। बुधवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा मिले थे। माना जा रहा है कि इन्हीं में से चार से कोई दिल्ली का अगला प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है।