रामपुर: समाजवादी पार्टी के सांसद मोहम्मद आजम खान की बहन निकहत अफलाक को पुलिस द्वारा शुक्रवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। उनकी बहन नसरीन ने कहा, “चार-पांच जीप में पुलिस आई और मेरी बहन को ले गई। उन्होंने उनकी गिरफ्तारी या हिरासत के लिए कारण नहीं बताया। मैं जब वहां पहुंची तो हर जगह खाना बिखरा हुआ था। यहां तक कि उन्होंने उसे बुरका भी पहनने की इजाजत नहीं दी। वह एक वरिष्ठ नागरिक हैं, उनकी उम्र 70 साल से ज्यादा है और उनकी सेहत ठीक नहीं रहती।” आजम खान की पत्नी डॉ तंजीम फातिमा ने कहा कि ये जुल्म की इंतेहा है।
बता दें कि यूपी पुलिस ने शुक्रवार को आजम खान की बड़ी बहन और रिटायर प्रिंसिपल निखत अफलाक को उनके घर से ले गई थी। रामपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल शर्मा ने बताया कि जौहर यूनिवर्सिटी में किसानों की जमीन कब्जे के मामले की जांच करते हुए मालूम चला कि जौहर यूनिवर्सिटी को जौहर ट्रस्ट द्वारा 33 साल के पट्टे पर जमीन दी गई है इसी संबंध में जौहर ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि आजम खान की बहन निखत अफलाक जौहर ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष हैं। एसपी रामपुर अजय पाल शर्मा ने यह भी साफ कर दिया कि निखत अफलाक को ना तो हिरासत में लिया गया है और ना ही गिरफ्तार किया गया है बस उनसे पूछताछ की जा रही है।












