नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी को इस साल के अंत तक अपना नया अध्यक्ष मिल सकता है। इसी की घोषणा आज पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर की। नड्डा ने बताया कि, संगठन स्तर के चुनावों पूर्ण होने के बाद पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव दिसंबर में किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस नड्डा ने कहा कि, हमारे पार्टी सदस्यों की संख्या से ज्यादा केवल दुनिया के आठ देशों की ही आबादी है। सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि इस बार भाजपा की सदस्यता में 7 करोड़ की वृद्धि होने जा रही है। 11 करोड़ सदस्यों में इन सदस्यों के जुड़ने से अब पार्टी के सदस्यों की संख्या 18 करोड़ होगी।
नड्डा ने बताया कि,हमारा सदस्यता अभियान तो समाप्त हो गया है, लेकिन हमारी मेम्बरशिप प्रक्रिया चलती रहेगी। अब सितंबर में Active members बनाने का अभियान शुरू होगा।उन्होंने बताया कि, बूथ का चुनाव हमारे यहां 10 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चलेगा, नवंबर में जिला इकाइयों का चुनाव होगा और उसके बाद राज्य के चुनाव होंगे।संगठन का राष्ट्रीय स्तर का चुनाव दिसंबर महीने में हम करेंगे।
पार्टी सूत्र के मुताबिक, 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मंडल अध्यक्ष और मंडल समिति का चुनाव होगा। इसके बाद 11 से 30 नवंबर तक जिलाध्यक्ष व प्रदेश परिषद का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद एक दिसंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद का चुनाव कर लिया जाएगा।