बिहार: एक तरफ बिहार की नीतीश सरकार राज्य में सुशासन का दावा कर रही है तो दूसरी तरफ महिलाओं के साथ हिंसा और छेड़छाड़ की घटनाएं सूबे में तेज़ी से बढ़ती नज़र आ रही हैं। ताज़ा मामला जहानाबाद का है। जहां तकरीबन आधा दर्जन लड़के दिनदहाड़े एक नाबालिग़ बच्ची पर टूट पड़े और उसके साथ जमकर बदसलूकी की। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
इस वीडियो में पांच-छह लड़के एक नाबालिग़ बच्ची को घेरकर उससे छेड़छाड़ करते नजर आ रहे हैं और उसके साथ बदसलूकी कर रहे हैं। बच्ची के लाख चिल्लाने के बाद भी लड़के उसके कपड़े उतारने की कोशिश कर रहे हैं। लड़की मनचलों से उसे छोड़ देने की गुहार लगा रही है। वह लाचार बेबस होकर अपनी इज्जत लुटने से बचाने की कोशिश कर रही है।
हैरानी की बात यह है कि दिन के उजाले में हुई इस घटना के दौरान कोई बच्ची की मदद करने नहीं आया। हालांकि मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर 4 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया है। वहीं खबरों के मुताबिक वीडियो में नज़र आ रहे दो लोग फरार हैं। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी की दो टीमें गठित की गई हैं।
वीडियो जहानाबाद काको थाने का बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि ज़्यादातर हमलावर नाबालिग हैं। वीडियो में नज़र आ रहे एक मोटरसाइकिल के ज़रिए ही सुराग जुटाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि जिस मोबाइल से वीडियो शूट किया गया है, उसे बरामद कर लिया गया है। मामला पास्को एक्ट के तहत दर्ज कर किया गया है।