महाराष्ट्र में एटीएस ने पनवेल से चार पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। ATS ने जानकारी दी कि आतंकवाद निरोधी दस्ता फिलहाल इस मामले की जांच कर रहा है।
ATS के अनुसार गिरफ्तार लोगों में प्रतिबंधित संगठन का पनवेल सचिव और दो अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। ये पनवेल में बैठक कर रहे थे। उन्हें आज सुबह करीब 4 बजे गिरफ्तार किया गया। पनवेल मुंबई से करीब 50 किलोमीटर दूर है। पूछताछ के बाद चारों को गैर कानूनी गतिविधि कानून की धारा 10 के तहत मुंबई में ATS की कालाचौकी यूनिट में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया।
केंद्र की सरकार ने पिछले महीने PFI और उसके कई अन्य सहयोगी संगठनों पर ISISI जैसे वैश्विक आतंकवादी संगठनों के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए 5 साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था।
बता दें कि इसी हफ्ते आजमगढ़ एटीएस ने मऊ पुलिस के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए PFI के सक्रिय कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी का नाम नासिर कमाल था, जो कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेमाराय मोहल्ले का रहने वाला था। आरोपी नासिर कमाल PFI के कई पदाधिकारियों के साथ संपर्क में रहता था।