मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दो कांग्रेस विधायकों पर महिला से अभद्रता का मामला दर्ज किया गया है। दरअसल रेवांचल एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला ने शुक्रवार को दो कांग्रेस विधायकों के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज करवाया। एक महिला ने बताया कि वो दोनों कांग्रेस विधायक शराब के नशे में थे।
दरअसल रीवा से भोपाल जाने वाली रेवांचल एक्सप्रेस में गुरुवार को एच-1 कोच में सफर कर रही महिला ने सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा समेत एक अन्य विधायक पर शराब पीकर अभद्रता करने की शिकायत पति से की। जिसके बाद महिला के पति ने प्रधानमंत्री से लेकर रेलवे पुलिस जबलपुर डीआरएम आरपीएफ को ट्वीट कर महिला से अभद्रता करने की शिकायत दर्ज कराई।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 6 अक्टूबर को वह रेवांचल एक्सप्रेस पर सवार हुई थी। रात करीब 11.50 बजे सामने वाली बर्थ में कोतमा विधायक सुनील सराफ और सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा बैठे थे। उसकी साइड वाली बर्थ पर दोनों ने खाना खाया और फिर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने महिला के कंधे को छूकर उसे उठाया। वे दोनों नशे की हालत में बुरी नीयत से देख रहे थे और अनर्गल बातें कर रहे थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बोले- यह घटना निंदनीय है। एक बहन के साथ कांग्रेस विधायकों ने छेड़छाड़ की। प्रियंका गांधी इस पर जवाब दें। कांग्रेस का यह मूल चरित्र है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।