तेज तर्रार छात्र नेता कन्हैया कुमार को कांग्रेस पार्टी ने अपनी छात्र शाखा नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया का राष्ट्रीय प्रभारी बनाया है। 17वीं लोकसभा के लिए 2019 में हुए चुनाव में वह बेगुसराय से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं।
बता दें कि कन्हैया कुमार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी वो कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ मुखर नेताओं में भी वो सबसे आगे नजर आते रहे हैं। राहुल गांधी से उनके तालमेल को देखते हुए ऐसा माना जा रहा था कि उन्हें दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इस बात की चर्चा भी तेज थी।
कांग्रेस पार्टी से जुड़ते वक्त कन्हैया कुमार ने कहा था कि मैं कांग्रेस से जुड़ रहा हूं क्योंकि यह कोई पार्टी नहीं है यह एक सोच है। यह देश की सबसे पुरानी और लोकतंत्रिक पार्टी है। मैं लोकतंत्रिक शब्द पर जोर दे रहा हूं। ऐसा इसलिए क्योंकि केवल मैं ही नहीं सभी यह मानते हैं कि यह देश बिना कांग्रेस के नहीं चल सकता। दिल्ली पुलिस ने कन्हैया कुमार पर जेएनयू में भारत विरोधी नारे लगाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया था।
एनएसयूआई 9 अप्रैल 1971 को स्थापित की गई थी। जो कांग्रेस की छात्र शाखा है। इस संगठन की स्थापना इंदिरा गांधी ने केरल छात्र संघ और पश्चिम बंगाल राज्य छात्र परिषद का विलय करके एक राष्ट्रीय छात्र संगठन बनाने के बाद की थी।