लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को सक्रिय तौर से राजनीति में उतारकर एक बड़ा धमाका कर दिया है। प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई है।

प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपे जाने के पीछे वजह यह बताई जा रही है कि पार्टी इलाके से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चस्व को ख़त्म करना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से सांसद हैं, वहीं पूर्वी यूपी में सीएम योगी का ख़ासा दबदबा है।
ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस ने प्रियंका को पूर्वी यूपी की कमान सौंप कर बड़ा दांव खेला है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रियंका अपनी विशाल छवि के साथ मोदी-योगी फैक्टर को भेद पाने में कितनी कामयाब होती हैं। हालांकि यह कहना बिल्कुल ग़लत नहीं होगा कि प्रियंका की राजनीति में एंट्री ने कांग्रेस नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक में नई जान फूंक दी है।

पिछले चुनाव में 80 में से 71 सीटों पर कब्ज़ा जमाने वाली बीजेपी और इस बार हुए सपा-बसपा गठबंधन जैसी बड़ी चुनौतियों के सामने अपनी सियासी ज़मीन तलाश रही कांग्रेस के लिए बेशक यह राहत की ख़बर है। प्रियंका की एंट्री से नेताओं और कार्यकर्ताओं में ज़बरदस्त उत्साह है। कांग्रेस को लगता है कि प्रियंका के आने से वह उत्तर प्रदेश के रेगिस्तान में धान बोने में कामयाब हो सकती है।
प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाए जाने पर पार्टी के नेता एवं पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने ख़ुशी ज़ाहिर की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि प्रियंका पूरी दुनिया के लिए रोल मॉल हैं और उनकी जादुई शख़्सियत से कांग्रेस और मज़बूत होगी। उन्होंने लिखा कि राहुल और प्रियंका की जोड़ी कमाल करेगी।

प्रियंका गांधी की तारीफ करने के साथ नवजोत सिंह सिद्धू ने बीजेपी पर हमला भी बोला। उन्होंने लिखा, ‘एक और एक ग्यारह, बीजेपी नौ दो ग्यारह’।
वहीं कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने कहा प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री ने सत्तारूढ़ बीजेपी की परेशानियां बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के आने से बीजेपी परेशान हो गई है। उनकी टेंशन का अलार्म बजने लगा है।

हालांकि बीजेपी ने कांग्रेस के इन दावों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि प्रियंका के आने से बीजेपी की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। इसके साथ ही बीजेपी ने कांग्रेस पर वंशवाद का आरोप भी लगाया।
बीजेपी के प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ‘प्रियंका कार्ड’ चला रही है। यह पार्टी परिवारवाद से उबर नहीं पाई है। हालांकि बीजेपी की ओर से कहा गया है कि प्रियंका का यूपी में कोई असर नहीं होगा।