देश की राजधानी दिल्ली से लगते नोएडा के एक नामी प्राइवेट स्कूल में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। नोएडा के सबसे महंगे स्कूलों में से एक सेक्टर-132 स्थित स्टेप बाई स्टेप स्कूल कल दोपहर ज़हरीला खाना खाकर 150 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। लेकिन इस मामले में दबाने की कोशिश की गई। यहां तक कि पेरेंट्स को भी दोपहर में इस घटना की जानकारी दी गई।
बच्चों को नोएडा और दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है की ज़हरीला भोजन खाने से 50 से ज्यादा बच्चों की जान पर बन आई थी। हालांकि, स्कूल ने सिर्फ 20 बच्चों के ही बीमार होने की पुष्टि की है। जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्रधिकारी और जिला खाद्य अधिकारी की टीम जांच करने स्कूल पहुंची तो उन्हें दो घंटे तक परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि स्कूल प्रशासन ने विधिक कार्रवाई में बाधा पहुंचाने की कोशिश की। देर रात स्कूल की रसोई से खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए हैं। नमूने जांच के लिए लखनऊ भेजे जाएंगे।
इस मामले में स्कूल की तरफ से भी सफाई सामने आई जिसमें दावा किया गया कि कुछ बच्चों के पेट में दर्द की शिकायत के बाद उनकी जांच के लिए स्कूल में डॉक्टरों की टीम बुलाई गई और बच्चों के परिजनों को भी समय रहते पूरी जानकारी दे दी गई।
जिला खाद्य अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि सभी बच्चे स्कूल में खाना खाते हैं। बच्चे को खाने का कोई भी सामान बाहर से लाने की मनाही है। स्कूल की रसोई में खाना बनाने का ठेका सोडेक्सो फूड कंपनी के पास है। गुरुवार सुबह नाश्ते में अजवायन का पराठा और लस्सी दी गई थी।