राजस्थान: जयपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यकर्ता द्वारा खुद को आग लगाने का मामला सामने आया है। 45 वर्षीय संघ के पदाधिकारी रघुवीर शरण ने खुद को पेट्रोल छिड़ककर बीच सड़क खुद को आग लगा दी और वह 100 मीटर तक जलता हुआ भारत माता जयकारे के नारे लगाते हुए दौड़ता रहा।
जिसे देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई और एसएमएस अस्पताल में ले गए। बताया जा रहा है की उनका शरीर 80% तक झुलस चुका है। जिसके चलते उसके परिजन उसे यहाँ से दिल्ली ले गए। परिजनों ने बताया है की रविवार सुबह पांच बजे वे अकेले सुबह की सैर के लिए घर से निकले थे। तभी आम्रपाली सर्किल के पास खुद के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इससे पहले उन्होंने घर पर फोन भी किया था। पुलिस को मौके पर प्लास्टिक की खाली बोतल मिली है, जिसमें वह पेट्रोल भरकर लाये थे।
बताया जा रहा है कि आग लगाने के पहले रघुवीर शरण ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी, जिसमें उन्होंने लिखा है कि सपने में मैंने भारत माता की वह करुण चीत्कार सुनी और देखा कि चारों तरफ गिद्ध मंडरा रहे है। जब हम दूसरों के बहकावे में आ जाते हैं तो चाहे कोई भी हो, उसका स्वयं का विवेक शून्य हो जाता है। भाई से भाई को लड़वा कर अपना स्वार्थ सिद्ध करना चाहते हैं।
वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि शुरूआती जांच में रघुवीर शरण ने घरेलू परेशानी से परेशान होकर खुद को आग लगाईं।
पुलिस को दिए बयानों में रघुवीर शरण ने समाज में फैल रही कटुता से परेशान होकर खुद को आग लगाने की बात कही है।
पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया है की क्राउन प्लाजा स्थित फ्लैट में रहते रघुवीर शरण आम्रपाली सर्किल के पास आरएसएस की शाखा लगाते हैं और बीते कुछ दिनों से देश में बढ़ रही कटुता को लेकर बातें कर रहे थे।