समाजवादी पार्टी के मुखिया का उत्तर प्रदेश के पूर्व CM अखिलेश यादव अमेठी के रहने वाले आरिफ से सारस को दूर किए जाने पर यूपी सरकार पर निशाना साधा है। दरअसल, पिछले साल घायल अवस्था में मिले सारस की आरिफ ने देखभाल की थी। अब वन विभाग उसे अपने पास ले गया तो कांग्रेस और सपा नेताओं ने सरकार पर सवाल उठा दिए ।
अखिलेश ने कहा कि वे जिससे मिलने जाते हैं, सरकार उससे सबकुछ छीन लेती है। अखिलेश ने इस दौरान आजम खान और कानपुर से सपा विधायक इरफान सोलंकी का भी उदाहरण दिया।
वन विभाग की टीम ने अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के निर्देश पर सारस को रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार ले जाकर संरक्षित कर दिया। आरिफ ने इस कार्रवाई को लेकर इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए और लिखा- मेरे दोस्त को वन विभाग जबरदस्ती ले गया। आप लोग बचा लो प्लीज।
सारस को पशुचिकित्सक के साथ एसडीओ रामवीर मिश्र व क्षेत्रीय वनाधिकारी ने पक्षी विहार में छोड़ दिया। डीएफओ ने बताया कि सारस को सुरक्षात्मक उपाय के साथ उसके प्राकृतिक वास स्थल पर छोड़ दिया गया है। पूरे मामले की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
जामो ब्लाक के जोधनपुर मडंका गांव के रहने वाले आरिफ के साथ उत्तर प्रदेश का राजकीय पक्षी सारस दोस्त बनकर रहता था और करीब एक माह पूर्व सारस और आरिफ की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए चर्चा में आई थी. जिसके बाद खुद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरिफ के घर पहुंचकर उनके दोस्ती की मिसाल को सराहा था